पटियाला, 12 जून,2026: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के मार्गदर्शन में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एस.आई.आर.) के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण आज पटियाला में शुरू हो गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन विशेष गहन पुनरीक्षण को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन अमले के साथ-साथ मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नामित बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.ए.) को भी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि इस प्रक्रिया का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
निर्वाचन तहसीलदार विजय चौधरी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त द्वारा जिला राजस्व अधिकारी संदीप सिंह को प्रशिक्षण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आयोजित प्रशिक्षण सत्र में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों हरकृष्ण सिंह (डी.आई.ओ., एन.आई.सी.), योगेश गर्ग (लेक्चरर), उषा रानी, संदीप सिंह (सहायक प्रोफेसर, राजकीय मोहिंद्रा कॉलेज), संदीप सिंह (सहायक प्रोफेसर, राजकीय गर्ल्स कॉलेज) तथा जगदेव सिंह ने विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनरों, डी.ई.ओ. कार्यालय के तकनीकी एवं लिपिकीय कर्मचारियों, अन्य प्रतिनियुक्त कर्मचारियों, ई.आर.ओ./ए.ई.आर.ओ. कार्यालयों के कर्मचारियों तथा पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार के प्रशिक्षण सत्र 13 एवं 15 जून को भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एस.आई.आर. की प्रक्रिया तथा दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने एस.आई.आर. कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 25 जून से 24 जुलाई, 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर गणना करेंगे तथा एन्यूमरेशन फॉर्मों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। 3 अगस्त, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 3 अगस्त से 2 सितंबर, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निस्तारण 28 सितंबर, 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि एस.आई.आर. के दौरान बी.एल.ओ. प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र नाम सूची में बना न रहे। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की एक महत्वपूर्ण आधारशिला है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान किया गया तथा फील्ड स्तर पर कार्य के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।






