चंडीगढ़, 30 अक्टूबर 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों, विकास कार्यों और प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों के साथ-साथ आगामी योजनाओं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 अक्टूबर को सोनीपत में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने और प्रदेशवासियों के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा को लेकर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा के प्रति विशेष लगाव है और पिछले एक साल में उन्होंने प्रदेश में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के आगामी दौरे से हरियाणा में चल रहे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल विज, कृष्णलाल पंवार, डॉ अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी और कुमारी आरती सिंह राव सहित अन्य मंत्रिगण भी उपस्थित रहे।






