3,738 एनडीपीएस केस दर्ज
चंडीगढ़, 10 जनवरी 2026: हरियाणा ने वर्ष 2025 में नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे निर्णायक कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत रिकॉर्ड 3,738 एफआईआर दर्ज कीं और 6,801 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह जानकारी गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दी।
उन्होंने बताया कि 2020 से 2025 के बीच राज्य में कुल 20,519 एनडीपीएस मामले दर्ज हुए और 35,207 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। वर्ष 2025 में अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर भी सख्त कार्रवाई की गई, जिसमें अन्य राज्यों और विदेशी नागरिकों सहित 586 आरोपियों को पकड़ा गया।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि 2025 में ही 457 व्यावसायिक स्तर के एनडीपीएस मामले दर्ज हुए और 1,227 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो पिछले छह वर्षों में सबसे अधिक है। इसी अवधि में करोड़ों रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिनमें हेरोइन, गांजा, चरस और सिंथेटिक ड्रग्स शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए वर्ष 2025 में 13.59 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गईं। साथ ही, राज्यभर में जागरूकता के लिए हजारों कार्यक्रम आयोजित कर लाखों लोगों तक पहुंच बनाई गई।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि हरियाणा सरकार नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता के जरिए यह सुनिश्चित कर रही है कि अपराध लाभ का साधन न बने।






