मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने से भड़की सरकार
बांग्लादेश, 5 जनवरी 2026 : बांग्लादेश सरकार ने देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण पर रोक लगा दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी किए। सरकार ने यह कदम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक फैसले के विरोध में उठाया है।
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बीसीसीआई ने 26 मार्च 2026 से शुरू होने वाली आगामी आईपीएल के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स टीम से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने का फैसला लिया है। बांग्लादेश सरकार का आरोप है कि यह निर्णय बिना किसी ठोस और तार्किक कारण के लिया गया है।
बयान में कहा गया कि यह फैसला बांग्लादेश के लोगों के लिए अपमानजनक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इसी के चलते सरकार ने अगले आदेश तक देश में सभी आईपीएल मैचों के प्रचार, प्रसारण और पुनः प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है।
इससे पहले, रविवार 4 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भी एक बड़ा कदम उठाते हुए अपनी टीम को टी-20 विश्व कप में भेजने से इनकार कर दिया था। इसके साथ ही बीसीबी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से अपने मैच श्रीलंका में आयोजित कराने का अनुरोध किया था। बीसीबी ने इसकी जानकारी एक मीडिया रिलीज के माध्यम से दी।
इन फैसलों के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में तनाव साफ तौर पर देखा जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्तर पर भी चर्चा तेज हो सकती है।






