Sunday, June 7, 2026
HomeNationalतख़्त पटना साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा...

तख़्त पटना साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया

पटना 27 दिसंबर 2025: तख़्त पटना साहिब में साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व 25 से 27 दिसंबर तक पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर गुरुद्वारा गाय घाट में दो दिन पहले श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ किए गए थे, जिनकी आज समाप्ति के बाद विशेष दीवान सजाए गए।

अखंड पाठ की समाप्ति उपरांत गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की शुरुआत तख़्त साहिब के प्रबंधकों द्वारा आकाश में गुब्बारे छोड़कर की गई। यह नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए देर शाम तख़्त पटना साहिब में संपन्न हुआ।

नगर कीर्तन में शबदी जत्थे, विभिन्न स्कूलों के बच्चे, बैंड-बाजे, गतका पार्टियां और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में संगत ने गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया और “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर तख़्त पटना साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी बलदेव सिंह जी, एडिशनल हेड ग्रंथी दलिप सिंह, गुरदियाल सिंह, तख़्त कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंदरजीत सिंह, सीनियर उप प्रधान लखविंदर सिंह, उप प्रधान गुरविंदर सिंह तथा सदस्य हरपाल सिंह जोहल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

तख़्त साहिब कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही और महासचिव इंदरजीत सिंह ने बताया कि देश-विदेश से आई संगत की सुविधा के लिए आवास, लंगर, परिवहन और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि कल सुबह अमृत वेले से लेकर देर रात गुरु महाराज के प्रकाश समय तक विशेष दीवान सजाए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में संगत के शामिल होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments