HomePunjabचुनाव ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले शिक्षक दंपती के परिवार को...

चुनाव ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले शिक्षक दंपती के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा, सीएम भगवंत मान की मंजूरी

चंडीगढ़, 25 दिसंबर 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चुनावी ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षक दंपती के परिजनों को बड़ी राहत देते हुए 20 लाख रुपये के मुआवजे को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने मृतक दंपती के परिवार को प्रति व्यक्ति 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के आदेश जारी किए हैं।

उल्लेखनीय है कि जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के दौरान चुनावी ड्यूटी निभा रहे जस्करन सिंह भुल्लर और उनकी पत्नी कमलजीत कौर की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। जस्करन सिंह भुल्लर एक अंग्रेजी विषय के शिक्षक थे, जबकि उनकी पत्नी कमलजीत कौर शारीरिक शिक्षा अध्यापिका (DPE) के पद पर कार्यरत थीं। दोनों चुनाव ड्यूटी से लौटते समय कार हादसे का शिकार हो गए थे, जिसमें उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दौरान ड्यूटी निभाते हुए अपने कर्तव्य का पालन करने वाले कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा और उनके परिवारों की देखभाल सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह मुआवजा राशि शोक संतप्त परिवार को आर्थिक सहारा प्रदान करने के उद्देश्य से दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि मुआवजे की राशि शीघ्रातिशीघ्र पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी चुनावी ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी के साथ इस प्रकार की दुर्घटना होने पर सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

इस निर्णय का विभिन्न वर्गों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। शिक्षकों और कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री के इस कदम को संवेदनशील और मानवीय बताते हुए कहा है कि इससे सरकारी कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें यह विश्वास मिलेगा कि राज्य सरकार संकट की घड़ी में उनके परिवारों की चिंता करती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments