पंचकूला, 18 जून, 2026। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु अर्जन देव जी के 420वें शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि गुरु साहिब का जीवन और बलिदान सत्य, धर्म, सेवा तथा मानवता की रक्षा का अमर संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी की शिक्षाएं आज भी देश को एकता, समानता और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करती हैं।
पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय शहीदी दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का बलिदान किसी एक समुदाय की धरोहर नहीं, बल्कि पूरी मानवता की अमूल्य विरासत है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने सामाजिक समरसता, समानता और ‘सरबत दा भला’ का संदेश दिया, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सिख गुरुओं के इतिहास और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से सिख गुरुओं के इतिहास को विद्यालयी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली विरासत और महान शहीदों के जीवन से परिचित हो सके।
उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी द्वारा दिखाया गया सत्य, सेवा, करुणा और सहनशीलता का मार्ग समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छबील सेवा में भी भाग लिया और गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार जगदीश सिंह झींडा, बड़खल के विधायक धनेश अदलखा, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. प्रभलीन सिंह, ज्ञानी हरप्रीत सिंह, समिति के उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, संत बाबा जोगा सिंह, सरदार जसदीप सिंह, महंत महेश मुनी, संत बाबा मान सिंह जुरासी वाले, स्वामी राजेश्वरानंद, बाबा सुल्तान सिंह, बाबा देवेंद्र सिंह इसराना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






