Thursday, June 18, 2026
HomeHaryana21 जून को नई अनाज मंडी में होगा उपमंडल स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग...

21 जून को नई अनाज मंडी में होगा उपमंडल स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम

ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे योग कार्यक्रम, अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर

टोहाना, 18 जून 2026 (संजीव शर्मा) : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को उपमंडल टोहाना में विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप उपमंडल से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक योग गतिविधियां आयोजित कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर नायब तहसीलदार अनिल कुमार ने वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके व्यवस्थाओं बारे चर्चा की और रूपरेखा तैयार करके इस कार्यक्रम को भव्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी होनी चाहिए ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।

नायब तहसीलदार ने बताया कि उपमंडल स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम 21 जून को स्थानीय रेलवे रोड स्थित नई अनाज मंडी में प्रातः 6 बजे आयोजित होगा। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, विद्यार्थी, खिलाड़ी एवं आम नागरिक भाग लेंगे। इसके अलावा ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव संभव होता है। इस वर्ष की थीम विशेष रूप से बुजुर्गों के स्वास्थ्य एवं जीवन की गुणवत्ता सुधारने पर केंद्रित है।

नायब तहसीलदार ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, पार्किंग एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने बारे विचार विमर्श किया। उन्होंने बताया कि 20 जून को कार्यक्रम की पायलट रिहर्सल भी आयोजित की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। बैठक में मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग, एआईपीआरओ डॉ विनय बैनीवाल, बीईओ जगदीश सेवदा, आयुष विभाग डॉ. स्वाति शर्मा, एसईपीओ माया गोदारा, नप सचिव मनीष कुमार, सुपरवाइजर करमजीत कौर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments