स्वास्थ्य मंत्री ने तीर्थ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की बस को रवाना किया
पटियाला, 31 मई 2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला देहात के वार्ड नंबर 4, सिद्धू कॉलोनी और मनजीत नगर से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें योजना को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनकल्याण और लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से पंजाब के हजारों श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। इस योजना के तहत आज रवाना हुई बस में शामिल श्रद्धालु श्री दरबार साहिब, अमृतसर, दुर्गियाना मंदिर तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस योजना का लाभ विशेष रूप से उन लोगों को मिल रहा है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से धार्मिक स्थलों के दर्शन करने से वंचित रह जाते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई यह जनकल्याणकारी योजना लोगों के बीच काफी लोकप्रिय साबित हो रही है तथा क्षेत्रवासियों की ओर से इसे भरपूर समर्थन और सराहना मिल रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की भावनाओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार लगातार ऐसी अन्य कल्याणकारी योजनाएं भी लागू कर रही है।
श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस योजना के कारण उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 4 के एमसी मनदीप सिंह विरदी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस जनहितैषी योजना की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब सरकार लोगों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और ऐसी योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की तथा कहा कि सरकार की ओर से यात्रा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।






