अमृतसर,20 मई 2026 : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो आईसीई (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई और अबू धाबी में बैठे ड्रग तस्करों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर पंजाब तथा दिल्ली में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक हाल ही में दुबई से लौटा था, जहां उसने कथित तौर पर ड्रग तस्करी की ट्रेनिंग हासिल की थी। उसे पंजाब में हेरोइन और आईसीई की खेप पहुंचाने और आगे सप्लाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी माजहा और दोआबा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नशे की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और इसके अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में पंजाब पुलिस ने अमृतसर के थाना छेहरटा में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगी होने की संभावना है।