फाजिल्का, 20 मई 2026 : यूके में एक पंजाबी युवक की मौत की दुखद खबर सामने आई है। मृतक की पहचान अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है, जिसकी उम्र महज 24 वर्ष बताई जा रही है। वह फाजिल्का जिले के गांव मम्मू खेड़ा का रहने वाला था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
मिली जानकारी के अनुसार अर्शदीप बीती रात सोने के लिए अपने कमरे में गया था, लेकिन सुबह जब वह नहीं उठा तो उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई है।
परिवारिक सदस्यों ने बताया कि अर्शदीप करीब चार साल पहले स्टडी वीजा पर यूके गया था। हाल ही में उसे वर्क परमिट भी मिला था और वह वहां कंस्ट्रक्शन का काम कर रहा था।
अर्शदीप की मौत की खबर जैसे ही गांव और परिजनों तक पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिवार ने पंजाब और भारत सरकार से अपील की है कि अर्शदीप के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए।