पटना, 18 मई 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज बिहार के महत्वपूर्ण धार्मिक दौरे पर रहेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में माथा टेकने पहुंचेंगे। सिख समुदाय के दूसरे सबसे पवित्र तख्त तख्त श्री पटना साहिब में मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष नतमस्तक होंगे और पंजाब की खुशहाली, अमन-शांति तथा आपसी भाईचारे के लिए अरदास करेंगे।
मुख्यमंत्री के इस वीआईपी दौरे को देखते हुए पटना साहिब प्रबंधकीय समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध भी किए गए हैं।






