चंडीगढ़, 16 मई 2026: चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में हुई फायरिंग और लूटपाट के मामले में शामिल चार शूटरों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों शगनप्रीत और डोनी बॉल के इशारों पर काम कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में गौरव उर्फ गोला, रजत उर्फ गुड्डा, आर्यन और रवि निझर उर्फ काली शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 3 ऑटोमैटिक पिस्टल और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी गोपी निझर हत्या कांड, छात्र अमरजोत सिंह हत्या मामले और खन्ना में हुई फायरिंग जैसी कई गंभीर वारदातों में शामिल थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विदेशी गैंगस्टरों के निर्देशों पर काम करते थे और एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में रहते थे।
पुलिस के अनुसार, यह एक अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क है, जो डिजिटल माध्यमों से फंड ट्रांसफर कर हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। चंडीगढ़ पुलिस ने इसे बड़ी कामयाबी बताते हुए मामले की आगे जांच जारी रखी है।






