अमृतसर, 12 मई 2026 : श्री गुरु राम दास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर तैनात कस्टम विभाग के अधिकारियों को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से करोड़ों रुपये कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, बरामद किए गए 5.176 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले हाइड्रोपोनिक गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5.176 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) से मिली विशेष सूचना के आधार पर कस्टम विभाग ने कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से थाई लायन एयर की फ्लाइट SL-214 से पहुंचे एक यात्री को संदेह के आधार पर रोका।
यात्री के सामान की एक्स-रे जांच और गहन तलाशी के दौरान उसके बैग से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद कस्टम विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है और एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।