जामनगर, 12 मई 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन देशवासियों से ईंधन और संसाधनों की खपत कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करें तथा मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों और सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं।
वडोदरा में लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह देश ने एकजुट होकर कोरोना संकट का सामना किया था, उसी तरह मौजूदा चुनौतियों से भी मिलकर निपटा जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने विदेशों में रहने वाले भारतीयों से भी अपील की कि वे कम से कम पांच विदेशी मेहमानों को भारत घूमने के लिए लेकर आएं, ताकि देश के पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने कहा कि देश का काफी पैसा सोने के आयात पर विदेश चला जाता है, इसलिए लोगों को हालात सामान्य होने तक सोने की खरीद टालनी चाहिए।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने खाने वाले तेल की खपत कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल के आयात पर देश की बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। यदि लोग कम तेल का उपयोग करेंगे तो इससे देश की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य को भी लाभ होगा।