कहा, सरकार व प्रशासन जल्द से जल्द कर्मचारियों के साथ बैठक कर निकाले समाधान
फतेहाबाद, 4 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : सरकार व स्थानीय प्रशासन की हठधर्मिता के कारण आज फतेहाबाद शहर कूड़े का ढेर बनता जा रहा है, जहां देखो गंदगी के बड़े बड़े ढेर देखने को मिल रहे हैं। शहर में जगह जगह कूड़ा कर्कट फैला हुआ है। यह बात कांग्रेस कमेटी फतेहाबाद के जिलाध्ययक्ष अरविन्द शर्मा ने शहर की दयनीय हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद नगर परिषद के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। जिस कारण पिछले कई दिनों से शहर में सफाई व्यवस्था ठप्प पड़ी है। ना तो कोई कूड़ा वाहन शहर की गलियों में आ रहे हैं, ना ही कोई सफाई कर्मचारी गली, मोहल्ले, बाजारों की सफाई करते दिख रहे हैं। दूसरी ओर सरकार व प्रशासन भी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं और आम जनता को त्रास सहना पड़ रहा है। अरविन्द शर्मा ने कहा कि गंदगी के कारण शहर की हालत बिगड़ती जा रही हैं। जहां से भी गुजरों कूड़े के ढेर देखने को मिलते हैं, गर्मी के दिनों में इन कूड़े के ढेर में भीषण बदबू, मच्छर, मक्खी व आवारा पशुओं और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण यदि शहर में कोई बीमारी फैलती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। अरविन्द शर्मा ने सरकार व प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द सफाई कर्मचारियों के साथ एक बैठक कर उनकी मांगों के प्रति उन्हें संतुष्ट करते हुए हड़ताल को खत्म करवाया जाए, ताकि शहर की हालत सुधर सके। इस प्रकार हाथ पर हाथ धरे बैठे रहने से समाधान नहीं होने वाला।






