रोहतक, 2 मई 2026: हरियाणा के रोहतक स्थित सिविल अस्पताल में ड्यूटी बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला डेटा एंट्री ऑपरेटर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे पहले इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
महिला की पहचान गांव छौछी निवासी रेखा के रूप में हुई है, जो एक डिस्पेंसरी में डेटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
घटना के बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
इस मामले में डॉ. रमेश चंद्र से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अस्पताल के अन्य डॉक्टरों से भी संपर्क नहीं हो पाया।
वहीं, आर्य नगर थाना पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






