पंजाब पुलिस ने मास्टरमाइंड के सहयोगी को किया गिरफ्तार
पटियाला, 2 मई 2026: पंजाब पुलिस ने शंभू रेलवे ट्रैक धमाका मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसओसी अमृतसर, पटियाला पुलिस और सीआई पठानकोट की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य साजिशकर्ता के सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने गुरजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है, जिसकी भूमिका शंभू धमाका, सरहिंद रेलवे ट्रैक ब्लास्ट और मोगा CIA पर ग्रेनेड हमले जैसे मामलों में पाई गई है। यह जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने साझा की।
डीजीपी के अनुसार, आरोपी गुरदासपुर जिले के धारीवाल का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन सभी घटनाओं को विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर अंजाम दिया गया था, जिनका उद्देश्य पंजाब में अशांति फैलाना था।
27 अप्रैल को हुए शंभू रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में यह पांचवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले 23 जनवरी के सरहिंद रेलवे ट्रैक धमाके और 7 नवंबर 2025 के मोगा CIA ग्रेनेड हमले के मामलों को भी पुलिस ने सुलझा लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी जगरूप सिंह के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया गया था। दोनों आरोपी अलग-अलग ट्रेनों से मौके पर पहुंचे थे और पूरी योजना के तहत समन्वय बनाए रखा था।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में इन तथ्यों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि मॉड्यूल के मलेशिया, अमेरिका और पाकिस्तान से जुड़े हैंडलरों की पहचान कर ली गई है और पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया गया है।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में शामिल हर व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाएगा और राज्य में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






