वैंकूवर, 25 अप्रैल 2026: दिलजीत दोसांझ ने कनाडा के वैंकूवर में आयोजित अपने शो के दौरान एक भावुक क्षण साझा करते हुए पहली बार अपनी मां सुखविंदर कौर का चेहरा दुनिया के सामने लाया। शो के दौरान दिलजीत खुद अपनी मां को मंच पर लेकर आए और दर्शकों से कहा—“यह मेरी मां हैं, आज मैं जिस मुकाम पर हूं, उनकी वजह से हूं।”
परिवारिक जीवन को हमेशा निजी रखने वाले दिलजीत जैसे ही अपनी मां को मंच पर लेकर आए, पूरा स्टेडियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा। उनकी मां ने बेटे को गले लगाया, आशीर्वाद दिया और उसकी पीठ थपथपाई। यह दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो गए।
वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में हुए इस शो में दिलजीत ने नया इतिहास रच दिया। करीब 50 हजार से अधिक दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में उन्होंने “GOAT” और “Lover” जैसे अपने सुपरहिट गानों पर शानदार परफॉर्मेंस दी, जिससे पूरा माहौल झूम उठा।अत्याधुनिक स्टेज लाइटिंग और दिलजीत की खास प्रस्तुति शैली ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वैंकूवर में इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अब उनका यह टूर कैलगरी और टोरंटो जैसे शहरों की ओर बढ़ेगा, जिससे प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है।






