चंडीगढ़, 14 अप्रैल 2026: भगवंत मान सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मावां धियां सत्कार योजना’ के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बुधवार (15 अप्रैल) से पंजाब में शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज आदमपुर दौरे के दौरान इस योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
इस योजना के तहत पहले चरण में 15 अप्रैल को नौ विधानसभा हलकों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इनमें आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, डिडबा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला देहाती शामिल हैं।
इसके बाद राज्य के बाकी 108 हलकों में 15 मई से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को जुलाई माह से ₹1,000 से ₹1,500 प्रति माह तक का मानधन दिया जाएगा।
राज्य सरकार ने इस योजना के लिए ₹9,200 करोड़ का बजट निर्धारित किया है और इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आंगनवाड़ी केंद्रों और सेवा केंद्रों में पूरी तरह मुफ्त कराई जाएगी।
सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि योजना के तहत दी जाने वाली वित्तीय सहायता सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।






