सहकारिता से किसानों और व्यापारियों को मिलेगा सशक्त मंच, बेहतर प्रबंधन व विपणन को मिलेगी नई दिशा
जाखल, 11 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : जाखल मंडी में जय महालक्ष्मी को-ऑपरेटिव पैराइमेरी मार्केटिंग कम प्रोसेसिंग सोसायटी’ का शुभारंभ राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर सोसायटी का विधिवत उद्घाटन किया। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला गांव-बस्ती चलो अभियान के तहत इस कार्यक्रम में पहुंचे।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 7 से 12 अप्रैल तक “गांव-बस्ती चलो अभियान” एक विशेष जनसंपर्क पहल के रूप में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत राज्यसभा सांसद सुभाष बराला लगातार गांवों और बस्तियों का दौरा कर आमजन से संवाद स्थापित कर रहे हैं तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
सांसद सुभाष बराला ने अपने संबोधन में कहा कि इस सोसायटी के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को एक मजबूत मंच मिलेगा। इससे न केवल किसानों की उपज का बेहतर प्रबंधन होगा, बल्कि उनके उत्पादों के विपणन में भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इस प्रकार के प्रयास क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार भी किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, और ऐसी सहकारी संस्थाएं इन प्रयासों को मजबूती देती हैं। जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व मंत्री बिश्मबर वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।






