चंडीगढ़, 04 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘मुख्यमंत्री मां-धियां सत्कार योजना’ को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस योजना के तहत राज्य की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना के अनुसार, सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1000 प्रति माह, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह दिए जाएंगे। इस योजना की घोषणा 8 मार्च को की गई थी और अब इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
सरकार के मुताबिक, इस योजना के लिए पंजीकरण 13 अप्रैल से शुरू होगा। इच्छुक महिलाएं आंगनवाड़ी केंद्रों और सेवा केंद्रों पर जाकर मुफ्त में अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगी। योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड और वोटर आईडी अनिवार्य होंगे।
योजना के तहत दी जाने वाली राशि सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी।
कौन ले सकता है लाभ:
महिला की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए
वह पंजाब की नागरिक और वोटर हो
एक परिवार से एक से अधिक महिलाएं भी योजना का लाभ ले सकती हैं
सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाली महिलाएं भी पात्र होंगी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है, तो पहले दी गई राशि वापस नहीं ली जाएगी, लेकिन अगली किस्त जारी नहीं होगी।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसके अलावा, जागरूकता और पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मोबिलाइजर और फसिलिटेटर भी नियुक्त किए जा सकते हैं।
इस योजना से राज्य की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है, जिससे उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा।






