Saturday, June 6, 2026
HomePunjabअमृतसर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन में बड़ा बदलाव, 6 महीने तक रोजाना...

अमृतसर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन में बड़ा बदलाव, 6 महीने तक रोजाना रनवे रहेगा बंद

अमृतसर, 31 मार्च 2026: श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमृतसर पर गर्मी के शेड्यूल के दौरान उड़ानों के संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) द्वारा रनवे की मरम्मत और अपग्रेडेशन कार्यों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी NOTAM (नोटिस टू एयरमैन) के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से 27 सितंबर 2026 तक हर दिन दोपहर 1:45 बजे से रात 9:45 बजे तक रनवे पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी फ्लाइट का संचालन नहीं किया जाएगा।

सभी एयरलाइंस ने अपने उड़ानों के समय में बदलाव कर लिया है और अब फ्लाइट्स केवल बंद समय से पहले या बाद में ही संचालित होंगी। अमृतसर एयरपोर्ट के समर शेड्यूल में कुल 62 फ्लाइट्स शामिल हैं, जिनमें 40 घरेलू और 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हैं।

यह एयरपोर्ट दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, अहमदाबाद, कुल्लू, श्रीनगर और पुणे जैसे शहरों से जुड़ा हुआ है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोहा, दुबई, सिंगापुर, बर्मिंघम, लंदन गैटविक, कुआलालंपुर, शारजाह और बैंकॉक के लिए उड़ानें संचालित होती हैं।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार इस दौरान रनवे की री-कार्पेटिंग का कार्य किया जाएगा, जिसकी लंबाई लगभग 3658 मीटर और चौड़ाई 60 मीटर है। यह काम दो परतों में किया जाएगा, जिससे बड़े विमानों जैसे बोइंग 747-800 की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा रनवे के दोनों सिरों पर RESA (रनवे एंड सेफ्टी एरिया) को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। एयरपोर्ट पर लगी 2000 से अधिक पुरानी AGL लाइट्स को LED लाइट्स से बदला जाएगा, जिससे बेहतर दृश्यता और कम बिजली खपत सुनिश्चित होगी।

साथ ही ILCMS (इंडिविजुअल लाइट कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम) भी लगाया जाएगा, जिससे कम विजिबिलिटी के दौरान लाइट्स की निगरानी आसान होगी और उड़ानों का संचालन अधिक सुरक्षित व तेज हो सकेगा।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से अपडेटेड फ्लाइट शेड्यूल जरूर जांच लें। प्रशासन ने कहा कि ये सभी कार्य यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य में बेहतर सुविधाएं देने के लिए जरूरी हैं। इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments