पाकिस्तान, 31 मार्च 2026: भारत के कुख्यात दुश्मनों में शामिल आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JEM) के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की पाकिस्तान में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। रिपोर्टों के अनुसार, उनकी मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं किया गया है।
प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आधिकारिक चैनलों ने ताहिर अनवर की मौत की पुष्टि की है। उनका अंतिम संस्कार बहावलपुर की जामिया मस्जिद उस्मानिया में किया गया। ताहिर अनवर, मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था और संगठन की गतिविधियों में उसकी सक्रिय भूमिका बताई जाती है।
यह खबर ऐसे समय में सामने आई है जब मसूद अजहर ने पिछले वर्ष स्वीकार किया था कि भारत द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हुए हवाई हमलों में उसके परिवार के 10 सदस्य मारे गए थे। भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में जैश के मुख्यालय ‘जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह’ को निशाना बनाया था।
मसूद अजहर के अनुसार, उस हमले में कुल 14 लोग मारे गए थे, जिनमें उसके परिवार के कई सदस्य शामिल थे—उसकी बड़ी बहन, बहनोई, भतीजा-भतीजी और परिवार के पांच बच्चे, साथ ही चार करीबी सहयोगी भी शामिल थे।
मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया जा चुका है और वह भारत में कई बड़े आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। इनमें 2001 का संसद हमला, 2008 का मुंबई हमला, 2016 का पठानकोट एयरबेस हमला और 2019 का पुलवामा हमला शामिल हैं, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे।
1994 में भारत में गिरफ्तारी के बाद मसूद अजहर को 1999 में इंडियन एयरलाइंस फ्लाइट IC-814 के अपहरण के दौरान यात्रियों की रिहाई के बदले छोड़ा गया था। इसके बाद से वह पाकिस्तान से भारत विरोधी गतिविधियों में सक्रिय रहा है।






