Saturday, June 6, 2026
HomeHaryanaप्रदेश सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को कर रही मजबूत: सुभाष बराला

प्रदेश सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को कर रही मजबूत: सुभाष बराला

तलवाड़ा में नए बस स्टैंड का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सुविधा

राज्यसभा सांसद ने 19 लाख की लागत से बने बस स्टैंड का किया उद्घाटन

जाखल, 23 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने रविवार को गांव तलवाड़ा में नवनिर्मित बस स्टैंड का उद्घाटन किया। इस बस स्टैंड के निर्माण पर करीब 19 लाख रुपये की लागत आई है।

इस मौके पर सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रियों को बेहतर इंतजार स्थल उपलब्ध होगा।

सांसद ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का विस्तार, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्वच्छता अभियान, बिजली आपूर्ति में सुधार तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों का उन्नयन और डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

सांसद ने विशेष रूप से पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम पंचायतों को अधिक अधिकार प्रदान किए हैं, जिससे वे अपने स्तर पर विकास कार्यों की योजना बनाकर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू कर सकें। उन्होंने बताया कि पंचायतों को पर्याप्त वित्तीय ग्रांट भी उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि गांवों में आधारभूत ढांचे का विकास तेज गति से हो सके और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार कार्य कराए जा सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, जिसके लिए पंचायतों की भूमिका को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग करने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर तलवाड़ा सरपंच अमनदीप कौर, सरपंच प्रतिनिधि मनदीप सिंह दीपी, सरपंच संगठन के प्रधान कमलदीप सिंह गुल्लरवाला, सरपंच गुरप्रीत सिंह साधनवास, चेयरमैन विकास कामरा, एसडीओ बलवान सिंह, एबीपीओ संदीप कुमार, कनिष्ठ अभियंता संजीव भाटिया सहित जाखल खंड के गांवों के सरपंच और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments