ओटीएस योजना के तहत आधा ब्याज व जुर्माना माफ, 31 मार्च तक मौका
फतेहाबाद, 23 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन अमरपाल राणा ने अरोड़वंश धर्मशाला में स्थित लैंड मोर्गेज बैंक में फतेहाबाद में फतेहाबाद, हिसार व सिरसा जिलों के बैंक अधिकारियों और किसानों के साथ बैठक की। इस दौरान लैंड मॉर्टगेज बैंक से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं ऋण सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में चेयरमैन ने बताया कि लैंड मॉर्टगेज बैंक द्वारा किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के लिए नई ऋण योजनाएं शुरू की गई हैं। इनमें शिक्षा के लिए ऋण, शहरों में मकान निर्माण हेतु ऋण तथा वाहन खरीदने के लिए ऋण जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जिससे विभिन्न वर्गों को आर्थिक सहायता मिल सके।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 9 दिसंबर 2025 को अतिदेय डिफाल्टर किसानों के लिए एकमुश्त ऋण निपटान योजना (ओटीएस) लागू की गई थी। इस योजना के तहत किसान यदि अपना मूलधन जमा करवा देते हैं तो उन्हें आधे ब्याज व जुर्माना ब्याज में छूट का लाभ मिल रहा है।
वहीं, मृतक किसानों एवं विधवा श्रेणी के परिजनों को केवल मूलधन जमा कराने पर पूरा ब्याज और जुर्माना ब्याज माफ किया जा रहा है। यह योजना 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी।
उन्होंने सभी पात्र किसानों से अपील की कि वे जिले की लैंड मॉर्टगेज बैंक शाखाओं—फतेहाबाद, रतिया, टोहाना और भुना में संपर्क कर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया गया कि जिले में अब तक 347 किसान इस योजना के तहत लगभग 5 करोड़ 72 लाख रुपये की ब्याज माफी का लाभ प्राप्त कर चुके हैं।
इस अवसर पर बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप गोदारा तथा फतेहाबाद जिले के बैंक चेयरमैन एडवोकेट कृष्ण बड़ोपलिया सहित अन्य अधिकारी व किसान उपस्थित रहे।






