फतेहाबाद, 23 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : शहीदी दिवस के अवसर पर फतेहाबाद जिले से बड़ी संख्या में युवा आज सुबह हुसैनीवाला के लिए रवाना हुए। युवा जागृति यात्रा के तहत जिले के करीब 50 गांवों से 250 से अधिक युवाओं ने भाग लेते हुए अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि देने का संकल्प लिया। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं हरकोफेड चेयरमैन वेद फुलां ने बताया कि यह यात्रा युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और शहीदों के बलिदान को याद करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। सुबह 6 बजे भट्टू, फतेहाबाद और रतिया से बसों के माध्यम से युवा रवाना हुए।
यात्रा को स्वामी विज्ञाननंद, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दुड़ाराम, चरणजीत शर्मा, एमएम कॉलेज प्रधान राजीव बत्रा, पंचनद प्रधान किशोर लाल नारग, अरोड़वंश सभा प्रधान आजाद सचदेवा, सब्जी मंडी प्रधान सीताराम सैनी, प्रधान कृष्ण सोनी, समाजसेवी विनोद तायल, जिंदगी संस्था के प्रधान हरदीप सिंह, एमएम कॉलेज प्रिंसिपल गुरचरनदास, सुनार सभा के पूर्व प्रधान राजेंद्र सोनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्वों ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया तथा युवाओं का हौसला बढ़ाया। रवाना होने से पहले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने देशभक्ति के नारे लगाते हुए यात्रा की शुरुआत की।
वेद फुलां ने कहा कि यह यात्रा केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवा नशामुक्ति, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति भी संकल्प लेंगे। उन्होंने इसे एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता और ऊर्जा का संचार करते हैं।
हुसैनीवाला स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर युवा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि युवाओं के मन में देशभक्ति, त्याग और समर्पण की भावना जागृत करना है।






