पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
फतेहाबाद, 19 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाते हुए आज जिला सचिवालय में एनसीओआरडी (NCORD) के अंतर्गत एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने की।
बैठक में सीटीएम गौरव गुप्ता, ड्रग कंट्रोल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य नशा उन्मूलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समग्र समीक्षा कर समन्वित रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
बैठक के दौरान अवैध नशा सप्लाई पर नियंत्रण, नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने, उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं को मजबूत करने तथा जन-जागरूकता अभियानों को व्यापक स्तर पर चलाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि एनसीओआरडी एक सशक्त समन्वय मंच है, जहां प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग एवं समाज मिलकर नशे के खिलाफ संयुक्त रूप से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चुनौती है, जिसके समाधान के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी के हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाए जाएं, खुफिया तंत्र को मजबूत किया जाए तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नशे की सप्लाई लाइन को जड़ से समाप्त किया जा सके।
बैठक में ड्रग कंट्रोल विभाग को मेडिकल स्टोर्स की नियमित एवं सघन जांच करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रेडक्रॉस सोसायटी को नशा-पीड़ित युवाओं को उपचार, काउंसलिंग एवं पुनर्वास सेवाओं से अधिकाधिक जोड़ने के लिए कहा गया।
शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों एवं कॉलेजों में नियमित एंटी-ड्रग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा पुलिस एवं नशा मुक्ति टीमें शैक्षणिक संस्थानों से निरंतर समन्वय बनाए रखें।
बैठक में स्वयंसेवी संस्थाओं एवं मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए अभियान को गांव, पंचायत एवं वार्ड स्तर तक व्यापक रूप से ले जाने पर बल दिया गया।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि नशा उन्मूलन एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक विभाग एवं नागरिक की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने दो टूक कहा कि “फतेहाबाद को नशा मुक्त जिला बनाना हमारा साझा संकल्प है और इसे पुलिस, प्रशासन एवं समाज के संयुक्त प्रयासों से अवश्य पूरा किया जाएगा।”






