2027 में सत्ता में आने पर बड़े ऐलान
चंडीगढ़, 4 मार्च 2026 : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर सरकारी कर्मचारियों से वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने ‘आप’ के वादों पर विश्वास कर उन्हें वोट दिया था, आज वही सबसे अधिक ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
पार्टी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा से सरकारी कर्मचारियों के हितों के लिए खड़ा रहा है। बयान में दावा किया गया कि पंजाब में सभी वेतन आयोग (पे-कमिशन) अकाली दल के कार्यकाल के दौरान ही गठित और लागू किए गए थे।
अकाली दल ने वर्ष 2027 में सरकार बनने पर कर्मचारियों के लिए कई अहम फैसले लेने का वादा किया है। पार्टी ने कहा कि महंगाई भत्ते (डीए) के सभी बकाया तुरंत जारी किए जाएंगे। कर्मचारियों की पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को दोबारा लागू किया जाएगा।
इसके अलावा एक ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी जिससे कर्मचारियों को उनके पैतृक शहरों या घर के नजदीक तैनाती मिल सके। समय पर वेतन संशोधन (पे रिवीजन) सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया गया है।
अकाली दल ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार केवल विज्ञापनों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।






