चंडीगढ़, 12 नवंबर, 2025 : पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में सीनेट (Senate) चुनावों को लेकर चल रहे विवाद के बीच आज वाइस चांसलर (VC) और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच एक अहम बैठक हुई। यह बैठक विश्वविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई, जिसमें दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं।
बैठक के बाद छात्रों ने बताया कि वीसी ने उनकी सभी चिंताओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना, लेकिन जब तक सीनेट चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं होता, वे अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। छात्रों का कहना है कि वे केवल “आश्वासन” नहीं, बल्कि “कार्यवाही” चाहते हैं।
यह बैठक 10 नवंबर को हुए ‘महा-प्रदर्शन’ के बाद हुई, जिसका उद्देश्य कैंपस में तनाव कम करना और संवाद के माध्यम से समाधान तलाशना था।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने पंजाब यूनिवर्सिटी की सीनेट और सिंडिकेट (Syndicate) को भंग करने का नोटिफिकेशन जारी किया था। हालांकि, छात्रों और विभिन्न राजनीतिक दलों के विरोध के बाद, केंद्र ने वह नोटिफिकेशन वापस ले लिया था।
फिर भी छात्रों का कहना है कि वे केंद्र के इस ‘U-Turn’ पर पूरी तरह भरोसा नहीं करते। “PU बचाओ मोर्चा” से जुड़े छात्रों ने साफ कहा कि जब तक 91 सीटों पर चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
एक छात्र नेता ने कहा, वीसी ने हमें सुना, लेकिन अब हमें तारीख चाहिए। बिना तारीख के कोई भरोसा नहीं।
इस बीच, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने संवाद जारी रखने की बात कही है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान निकल आएगा।






