खन्ना (लुधियाना), 6 नवंबर, 2025: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशों के खिलाफ युद्ध’ अभियान के तहत आज एक और बड़ी कार्रवाई की गई।
एसएसपी खन्ना डॉ. ज्योति यादव बैन्स की अगुवाई में, नशा तस्कर विक्की पुत्र बिट्टू, निवासी मीट मार्केट, खन्ना (वर्तमान में करतार नगर, खन्ना) का अवैध रूप से बना मकान ध्वस्त किया गया।
बिना मंजूरी बनाई थी इमारत
नगर काउंसिल खन्ना के कार्यकारी अधिकारी चरणजीत सिंह ने बताया कि विक्की ने नगर परिषद से मंजूरी लिए बिना अवैध निर्माण किया था।
म्युनिसिपल एक्ट के तहत उसे चार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद आज पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
नशा तस्करी के दो मामले दर्ज
एसएसपी डॉ. ज्योति यादव बैन्स ने बताया कि आरोपी विक्की के खिलाफ नशा तस्करी के दो मामले दर्ज हैं और वह काफी समय से ड्रग तस्करी के धंधे में शामिल था।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सहयोग से यह कार्रवाई की गई है और आगे भी जिले में नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
15 अवैध इमारतें पहले ही गिराई जा चुकीं
डॉ. बैन्स ने बताया कि अब तक जिले में करीब 15 स्थानों पर ऐसी अवैध इमारतों को गिराया जा चुका है, जो नशा तस्करों के काले धन से बनाई गई थीं।
उन्होंने जनता से अपील की कि Safe Punjab ऐप या हेल्पलाइन नंबर 112 पर नशा तस्करों की जानकारी गुप्त रूप से दें।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
नशा बेचने वालों के लिए सख्त चेतावनी’
डॉ. ज्योति यादव बैन्स ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। उन्होंने नशा बेचने वालों को चेतावनी दी— “या तो नशा बेचना बंद कर दो, वरना अगली कार्रवाई तुम्हारे खिलाफ होगी।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लड्डू बांटकर जताई खुशी
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की खुले दिल से सराहना की और खुशी में लड्डू बांटे। लोगों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, पंजाब सरकार और प्रशासन का धन्यवाद किया।
इस मौके पर नायब तहसीलदार मनप्रीत सिंह, एसपी (हेडक्वार्टर) तरुण रतन, डीएसपी विनोद कुमार, डीएसपी कर्मवीर तूर, एसएचओ हरदीप सिंह सहित सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।






