चंडीगढ़, 6 नवंबर, 2025:
शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कांग्रेस पार्टी पर सिख गुरु साहिबानों और भाई जैता जी का निरादर करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस घटना को “बड़ा गुनाह” करार देते हुए कांग्रेस की कड़ी निंदा की है।
क्या है मामला ?
यह विवाद तरनतारन में कांग्रेस की एक चुनावी रैली के दौरान इस्तेमाल किए गए बैनर को लेकर शुरू हुआ।
सुखबीर बादल के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रचार मंच पर लगाए गए बैनर में नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी और भाई जीवन सिंह जी की तस्वीरों के ऊपर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें लगाईं।
“सिख भावनाओं को पहुंचाई ठेस”
बादल ने कहा कि कांग्रेस की इस हरकत से सिख समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा — “कांग्रेस ने चुनावी प्रचार की आड़ में सिख गुरु साहिब और भाई जैता जी का निरादर कर एक बड़ा गुनाह किया है। यह केवल एक गलती नहीं, बल्कि सिख आस्था पर आघात है।”
राजा वड़िंग पर भी साधा निशाना
सुखबीर बादल ने इस घटना को कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग के हालिया बयानों से जोड़ते हुए कहा कि यह “कांग्रेस के भीतर की सोच” को दर्शाता है। “पहले कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने दलित भाईचारे का अपमान किया और अब नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी और भाई जीवन सिंह जी का निरादर किया जा रहा है,” बादल ने कहा।
कांग्रेस से माफी की मांग
अकाली दल अध्यक्ष ने मांग की है कि कांग्रेस पार्टी समूचे सिख पंथ से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे।
“सिख आस्था का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” बादल ने कहा।






