नई दिल्ली, 18 जून, 2026 : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अगले सीजन से आईपीएल को पहले शुरू कराने की योजना पर काम कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईपीएल 2027 का आगाज 10 मार्च से हो सकता है, जबकि फाइनल मुकाबला 15 मई तक आयोजित किए जाने की संभावना है।
आमतौर पर आईपीएल मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू होता है, लेकिन हाल के वर्षों में अत्यधिक गर्मी और बारिश के कारण कई मैच प्रभावित होने के बाद बोर्ड ने टूर्नामेंट का समय बदलने पर विचार शुरू किया था।
यदि नया कार्यक्रम लागू होता है तो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के समापन के महज एक सप्ताह बाद ही आईपीएल शुरू हो जाएगा। यह टेस्ट श्रृंखला 3 मार्च 2027 को समाप्त होने की संभावना है। ऐसे में दोनों टीमों के वे खिलाड़ी जो टेस्ट सीरीज और आईपीएल दोनों में हिस्सा लेते हैं, उन्हें तैयारी के लिए सीमित समय मिलेगा।
बीसीसीआई का मानना है कि टूर्नामेंट को पहले शुरू करने से मई के अंत में होने वाली बारिश और भीषण गर्मी के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। आईपीएल 2026 में भी कई मुकाबले बारिश से प्रभावित हुए थे, जबकि दिन के मैचों में खिलाड़ियों को गर्मी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा था।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पहले संकेत दिए थे कि बोर्ड टूर्नामेंट को करीब 15 दिन पहले शुरू करने की संभावना पर विचार कर रहा है ताकि प्रतियोगिता 15 मई तक समाप्त हो सके। उनका कहना था कि इससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को राहत मिलेगी।
हालांकि बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल आईपीएल में टीमों या मैचों की संख्या बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। मौजूदा 74 मैचों के प्रारूप को ही जारी रखा जाएगा। टूर्नामेंट के विस्तार को लेकर कोई भी फैसला 2027 के बाद ही लिया जा सकता है।






