संगरूर, 11 जून 2026: पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं और लड़कियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री मां-बेटी सम्मान योजना के तहत जिला संगरूर में विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर जिला प्रशासन संगरूर तथा सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से लगाए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी परदीप सिंह गिल के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों के दौरान महिलाओं और लड़कियों को योजना के उद्देश्य, पात्रता शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों तथा पंजीकरण प्रक्रिया संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं और लड़कियों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके तहत अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह तथा सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता उनके बैंक खातों में सीधे जमा करवाई जाएगी।
शिविरों के दौरान प्रतिभागियों को बैंक खातों के सत्यापन, आधार लिंकिंग तथा योजना से संबंधित अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ सुचारु रूप से प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार के अवसर, वित्तीय साक्षरता तथा बचत के महत्व संबंधी जानकारी भी दी गई। इसके अलावा स्वास्थ्य, पोषण, महिला अधिकारों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किए गए।
शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पंजाब सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री मां-बेटी सम्मान योजना महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
जिला प्रशासन एवं विभाग की ओर से जिले की सभी पात्र महिलाओं से अपील की गई कि वे इस योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाकर पंजाब सरकार द्वारा प्रदान की जा रही आर्थिक सहायता का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।






