Friday, June 5, 2026
HomePatialaनहरी जल आधारित सरफेस वाटर प्रोजेक्ट का कार्य 30 सितंबर तक पूरा...

नहरी जल आधारित सरफेस वाटर प्रोजेक्ट का कार्य 30 सितंबर तक पूरा किया जाए – डॉ. हिमांशु अग्रवाल

डिप्टी कमिश्नर ने 24×7 सरफेस वाटर प्लांट अबलोवाल की प्रगति की समीक्षा की

शहर का दौरा कर जल आपूर्ति पाइप लाइनों के कारण खोदी गई सड़कों का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया, कहा- सड़कों की मरम्मत तुरंत की जाए

पटियाला, 2 जून,2026: डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज अबलोवाल में नहरी जल आधारित 405 करोड़ रुपये की सरफेस वाटर जल शोधन परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे 30 सितंबर तक हर दृष्टि से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

अबलोवाल में चल रहे कार्य का निरीक्षण करते समय जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के कार्यकारी अभियंता विकास धवन तथा लार्सन एंड टुब्रो कंपनी के परियोजना प्रबंधक ताबिश हाशमी ने उन्हें परियोजना की प्रगति संबंधी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का निरीक्षण किया और उनकी तत्काल मरम्मत करने के सख्त निर्देश दिए।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि पंजाब सरकार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में, पटियाला शहर की भावी जीवनरेखा मानी जाने वाली इस नहरी जल आधारित जलापूर्ति योजना के तहत जल शोधन संयंत्र को शीघ्र शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने इस अवसर पर संपूर्ण परियोजना सहित भूमिगत जल भंडारण, फिल्टर, मोटरों, पानी की टंकियों तथा जलापूर्ति लाइनों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कंपनी को कार्य की गुणवत्ता का ऑडिट करवाने के भी निर्देश दिए। डिप्टी कमिश्नर ने थापर यूनिवर्सिटी के निकट 1200 एम.एम. व्यास की जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के कार्य, त्रिपड़ी क्षेत्र में सड़कों के निर्माण कार्य तथा 22 नंबर फ्लाईओवर की सर्विस लेन में चल रहे सड़क निर्माण कार्य की भी समीक्षा की।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड तथा एल एंड टी को आपसी समन्वय के साथ दिन-रात कार्य करके सभी काम निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिया कि टूटी हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य 25 जून से पहले हर हाल में पूरा किया जाए ताकि बरसात के मौसम में स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अमृत योजना के तहत पंजाब सरकार के हिस्से वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत 236 मिलियन लीटर पानी के भंडारण हेतु भूमिगत जलाशय, 115 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र, 17.25 मिलियन लीटर स्वच्छ जल भंडारण क्षमता, शहर में 300 किलोमीटर नई पाइपलाइन बिछाने तथा 12 ओवरहेड टंकियों एवं 16 भूमिगत टंकियों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता पियूष अग्रवाल, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता कुलजिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments