Friday, June 5, 2026
HomePunjabग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना पंजाब सरकार की...

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करना पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकता : नरेंद्र कौर भराज

विधायक नरेंद्र कौर भराज ने गांव फग्गूवाल में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया

भवानीगढ़, 1 जून,2026 : संगरूर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती नरेंद्र कौर भराज ने आज गांव फग्गूवाल में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण कार्यों का शिलान्यास कर इस महत्वपूर्ण परियोजना की औपचारिक शुरुआत करवाई। इस अवसर पर गांववासियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित समारोह के दौरान विधायक भराज ने कहा कि लोगों को उनके घरों के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता है।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नरेंद्र कौर भराज ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार ला रही है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में आम लोगों को मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है तथा गांव स्तर तक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के बनने से गांव फग्गूवाल सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इस केंद्र में सामान्य बीमारियों का उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों की स्वास्थ्य सेवाएं, विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को छोटे-मोटे इलाज के लिए शहरों के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उनका समय तथा धन दोनों की बचत होगी।

विधायक भराज ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बड़े स्तर पर कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगरूर क्षेत्र के गांवों में भी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और प्रत्येक गांव की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं लागू की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए लोगों की भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है और सरकार पंचायतों के सहयोग से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने गांववासियों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

विधायक नरेंद्र कौर भराज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना के निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर लखविंदर सिंह लखा, गुरप्रीत सिंह फग्गूवाल, लक्की फग्गूवाल, जगसीर झनेड़ी, बिंदर खैहरा, गांव पंचायत के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न नेता, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments