बस अड्डों को विकसित कर अधिकतम आय प्राप्त करना लक्ष्य : एडवोकेट जुनेजा
पटियाला, 1 जून,2026: पीआरटीसी के चेयरमैन एडवोकेट हरपाल जुनेजा और प्रबंध निदेशक (एमडी) मनीषा राणा ने पीआरटीसी के बस अड्डों की दशा सुधारने तथा उन्हें व्यावसायिक रूप से विकसित करने संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करने के लिए कंसल्टेंट एजेंसी के साथ बैठक की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चेयरमैन जुनेजा ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पीआरटीसी के नए एवं पुराने बस अड्डों के आधुनिकीकरण तथा उन्हें व्यावसायिक रूप से विकसित करने के लिए कंसल्टेंट द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावों की समीक्षा करना था। उन्होंने बताया कि एमडी मनीषा राणा ने प्रस्तावों में कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए और उन्हें अंतिम प्रस्ताव में शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीआरटीसी को इन बस अड्डों के विकास के बाद अधिकतम राजस्व प्राप्त हो सके।
चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने कंसल्टेंट को पटियाला स्थित पीआरटीसी के पुराने बस अड्डे संबंधी प्रस्तुत प्रस्ताव पर शीघ्र उचित निर्णय लेने के लिए कहा, ताकि पीआरटीसी द्वारा पुराने बस अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
बैठक में एमडी मनीषा राणा ने कंसल्टेंट को चर्चा के दौरान प्राप्त सुझावों के अनुसार संशोधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उन पर आवश्यक आगामी कार्रवाई शुरू की जा सके।
इस बैठक में मेसर्स अर्नेस्ट एंड यंग की ओर से निदेशक अरुण तुली, पीआरटीसी की मुख्य लेखा अधिकारी गीतांजलि, इंजीनियर जतिंदरपाल सिंह ग्रेवाल, वरिष्ठ कानूनी सलाहकार मनिंदरपाल सिंह सिद्धू तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






