चंडीगढ़, 21 मई 2026 : पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के लिए 26 मई तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बुधवार को बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में कई स्थानों पर गंभीर हीटवेव (सीवियर हीटवेव) चलने की संभावना है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और एसएएस नगर समेत अन्य जिलों में भी हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।
हालांकि मौसम विभाग ने 22 से 28 मई के बीच मौसम में कुछ बदलाव के संकेत दिए हैं। इस दौरान पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
तेज गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।