रांची, 21 मई 2026: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। झारखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान 8 इनामी नक्सलियों सहित कुल 27 उग्रवादियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की।
आत्मसमर्पण करने वालों में 25 उग्रवादी सीपीआई (माओवादी) संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि दो उग्रवादी जेजेएमपी संगठन के सदस्य हैं। पुलिस के अनुसार यह माओवादी दस्ता कोल्हान के दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में सक्रिय था और पूर्व विधायक पर जानलेवा हमला, सुरक्षा बलों की हत्या तथा कई आईईडी ब्लास्ट जैसी घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में हत्या, पुलिस पर हमला, उगाही, विस्फोट और हथियारबंद गतिविधियों सहित कुल 426 गंभीर मामले दर्ज हैं।
सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी सुरक्षा बलों को सौंपे। इनमें एक एलएमजी इंसास, चार इंसास राइफलें, नौ एसएलआर, एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक पिस्तौल, 31 मैगजीन, 2987 कारतूस और आठ वॉकी-टॉकी शामिल हैं।
झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।