चंडीगढ़,21 मई 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की टिप्पणी के बाद आम आदमी पार्टी और भाजपा नेताओं के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है।
आम आदमी पार्टी ने रवनीत बिट्टू द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जोड़ने वाले बयान पर कड़ा हमला बोला है। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए AAP के महासचिव बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि जब पाकिस्तान से जुड़ी बताई जाने वाली अरोसा आलम तत्कालीन मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह के सरकारी आवास में रहती थीं, तब रवनीत बिट्टू चुप क्यों थे।
पन्नू ने आरोप लगाया कि अरोसा आलम उस समय IAS और IPS अधिकारियों के तबादलों तक में दखल देती थीं, लेकिन उस दौरान बिट्टू ने कोई सवाल नहीं उठाया।
वहीं AAP के आरोपों पर पलटवार करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि भगवंत मान ने 9 दिसंबर 2016 को संसद की सुरक्षा से जुड़ा वीडियो साझा कर सुरक्षा से समझौता किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जनवरी 2017 में AAP संयोजक अरविन्द केजरीवाल मोगा में कथित KLF प्रमुख के घर ठहरे थे।बिट्टू ने आगे दावा किया कि गुरपतवंत सिंह पन्नू ने यह कहा था कि उसने AAP को पार्टी फंड के तौर पर 16 मिलियन अमेरिकी डॉलर दिए थे।
दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद पंजाब की राजनीति में यह मुद्दा अब और गर्माता नजर आ रहा है।