बरामद सभी नकली भारतीय नोट ₹500 के मूल्य वर्ग के : डीजीपी गौरव यादव
आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगी की संभावना : एआईजी डॉ. सिमरत कौर
पटियाला, 18 मई,2026 : पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस पटियाला (सीआई यूनिट मलेरकोटला) ने नकली भारतीय मुद्रा (एफआईसीएन) गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹5.50 लाख की जाली भारतीय करेंसी बरामद की गई है। यह जानकारी गौरव यादव ने सोमवार को दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नजर खान निवासी गांव झुनीर, मलेरकोटला; राज मोहम्मद निवासी धूरी, जिला संगरूर; मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह निवासी गांव मलिकपुर, जिला जींद (हरियाणा) तथा आसिफ अली निवासी मलेरकोटला के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद सभी नकली भारतीय नोट ₹500 के मूल्य वर्ग के हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राज मोहम्मद का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से एक मामला दर्ज है।
उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए डॉ. सिमरत कौर ने बताया कि सीआई यूनिट मलेरकोटला की टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर दो संदिग्धों नजर खान और राज मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से ₹4 लाख की नकली भारतीय करेंसी बरामद हुई। आगे की जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह और आसिफ अली को भी गिरफ्तार किया गया तथा उनके पास से ₹1.5 लाख की अतिरिक्त नकली करेंसी बरामद की गई।
एआईजी ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
इस संबंध में थाना अमरगढ़, मलेरकोटला में एफआईआर नंबर 159 दिनांक 17.05.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 179 और 180 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।