चंडीगढ़, 16 मई 2026 : पंजाब के लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ तूफान की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को पंजाब में तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। विभाग ने देश के 15 राज्यों के लिए भी मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है। पंजाब के छह जिलों — गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, होशियारपुर, मुक्तसर और फाजिल्का — में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
दूसरी ओर, आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने 20 मई तक पंजाब के कई जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में बारिश के बाद लोगों को दोबारा तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।