लखनऊ, 13 मई 2026 : मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 5 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी बढ़ने के बाद परिवार ने तुरंत डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर पहले उनके घर पहुंचे और जांच के बाद तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
प्रतीक यादव को सुबह करीब 5:55 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह लंबे समय से पल्मोनरी एम्बोलिज्म नामक गंभीर फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे।
मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पोस्टमार्टम के लिए शव को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी(KGMU) भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने विस्तृत जांच की। सूत्रों के अनुसार विसरा भी सुरक्षित रखा गया है।
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को भी उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गौरतलब है कि पल्मोनरी एम्बोलिज्म ऐसी गंभीर स्थिति होती है, जिसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंस जाता है। इससे रक्त संचार प्रभावित होता है और मरीज को सांस लेने में दिक्कत होती है। समय पर इलाज न मिलने पर यह बीमारी जानलेवा साबित हो सकती है।
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं,जहां परिवार के करीबी और राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं।