स्वास्थ्य मंत्री द्वारा नगर निगम के अधीन चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा
सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे करने के निर्देश
पटियाला, 13 मई, 2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला देहाती हलके के नगर निगम अधीन चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी प्रोजेक्ट समय पर पूरा करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. बलबीर सिंह ने नगर निगम में बैठक के दौरान अधिकारियों को शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के लिए सभी पार्षदों को विश्वास में लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने चुनावों के दौरान लोगों से किए गए सभी वादे पूरे किए हैं और राज्यभर में सर्वपक्षीय विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हलके में कोई भी विकास कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नगर निगम के अधिकारी स्थानीय जरूरतों का आकलन करने तथा कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रत्येक वार्ड का नियमित दौरा सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डॉ. बलबीर सिंह ने नगर निगम अधिकारियों को मानसून सीजन से पहले जल आपूर्ति पाइपलाइनों का व्यापक सर्वेक्षण करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी लीकेज या क्षति की पहचान कर उसकी मरम्मत की जा सके। उन्होंने चल रहे प्रोजेक्टों को सुचारू और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विकास कार्यों से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए अधिकारियों और पार्षदों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को आगे निर्देश दिए कि बरसात के मौसम से पहले जून माह के अंत तक सीवरेज लाइनों की सफाई का कार्य पूरा किया जाए। मेयर कुंदन गोगिया और नगर निगम कमिश्नर परमजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम के पास सीवर सफाई की अपनी एक मशीन उपलब्ध है, जबकि चार अतिरिक्त मशीनें किराये पर लेकर बारिश शुरू होने से पहले शहरभर में गाद निकालने का कार्य पूरा किया जाएगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने 24×7 नहरी पानी सप्लाई, पार्कों, स्ट्रीट लाइटों, सड़कों और गलियों से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, संयुक्त कमिश्नर मनरीत राणा, जसबीर गांधी, पार्षद एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।






