पटियाला,12 मई, 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की दूरदर्शी सोच के चलते जेईई मेन्स 2026 परीक्षा में पटियाला जिला एक बार फिर पूरे पंजाब में अग्रणी बनकर उभरा है।देशभर में दो चरणों में आयोजित हुई जेईई मेन्स 2026 परीक्षा में पटियाला जिले के सरकारी स्कूलों के कुल 60 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) संजीव शर्मा ने सफल विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत,अभिभावकों के सहयोग,शिक्षकों के मार्गदर्शन और जिले की “साथी टीम” को दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह संख्या 100 के पार पहुंचेगी।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सफल विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में पीडीएम संदीप कुमार (प्रिंसिपल), प्रिंसिपल मनदीप कौर अंटाल, प्रिंसिपल सुधीर कुमार, गणित व्याख्याता दीपक कुमार तथा जिला नोडल व्याख्याता दौलत राम समेत कई शिक्षकों और रिसोर्स पर्सन्स को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने सर्दियों की छुट्टियों के दौरान अतिरिक्त कक्षाओं में योगदान दिया।
उप जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) रविंदर पाल शर्मा ने विज्ञान विषय के अध्यापकों को विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रैक्टिकल शिक्षा से परिणाम और बेहतर हो सकते हैं।जिला नोडल व्याख्याता दौलत राम ने बताया कि पिछले वर्ष जेईई मेन्स क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 32 थी, जो इस बार बढ़कर 60 हो गई है। इनमें नॉन-एसओई स्कूलों के 27,स्कूल ऑफ एमिनेंस (एसओई) के 8 और मेरिटोरियस स्कूलों के 25 विद्यार्थी शामिल हैं।पीडीएम संदीप कुमार ने बताया कि पूरे पंजाब में नॉन-एसओई स्कूलों के कुल 135 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की, जिनमें से 27 विद्यार्थी केवल पटियाला जिले से हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष नॉन-एसओई स्कूलों से केवल 9 विद्यार्थी सफल हुए थे,जबकि इस बार यह संख्या तीन गुना बढ़ गई है।पीडीएम मनदीप कौर अंटाल ने बताया कि परीक्षा की तैयारी “साथी ऐप” के माध्यम से आईआईटी कानपुर की टीम द्वारा ऑनलाइन करवाई जाती है। विद्यार्थी अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में ऑनलाइन कक्षाएं,मॉक टेस्ट, डेली प्रॉब्लम प्रैक्टिस और डाउट सेशन अटेंड करते हैं।इस मौके पर एसओई फीलखाना के प्रिंसिपल रजनीश गुप्ता,व्याख्याता शशीमान,विभिन्न एसओई स्कूलों के प्रिंसिपल, नॉन-एसओई स्कूलों के फिजिक्स,केमिस्ट्री,मैथ और बायोलॉजी विषयों के व्याख्याता तथा प्रेस इंचार्ज जसविंदर सिंह भी मौजूद रहे।






