छात्रों के तनाव को कम करने के लिए हेल्पलाइन शुरू
लुधियाना, 08 मई 2026 : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित करने की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, 10वीं कक्षा का परिणाम 11 मई को जबकि 12वीं कक्षा का परिणाम 13 मई को जारी किया जाएगा।
बोर्ड की ओर से छात्रों और अभिभावकों के लिए एक विशेष संदेश भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि यदि किसी विद्यार्थी को परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव, चिंता या मानसिक दबाव महसूस होता है, तो उनके लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की गई है। इस हेल्पलाइन पर अनुभवी मनोवैज्ञानिक छात्रों को परामर्श और मार्गदर्शन देंगे।
टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 9549-161-161 जारी किया गया है।
बोर्ड ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम जीवन की अंतिम मंजिल नहीं होते, बल्कि आगे बढ़ने की एक नई सीढ़ी होते हैं। छात्रों को आत्मविश्वास बनाए रखने, सकारात्मक सोच अपनाने और मेहनत जारी रखने की अपील की गई है। साथ ही बोर्ड ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की है।






