सहरसा (बिहार), 08 मई 2026 : बिहार के सहरसा जिले के महिषी ब्लॉक स्थित सरकारी मिडिल स्कूल बलुआहा में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। घटना के बाद स्कूल और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि भोजन करने के कुछ देर बाद बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत शुरू कर दी। प्रशासन के अनुसार 115 बच्चों का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि करीब 50 विद्यार्थियों को महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत वाले कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया गया है।
छात्रों ने बताया कि मिड-डे मील में परोसे गए चावल और दाल खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई।
कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि पकी हुई दाल के बर्तन में सांप का बच्चा मिला था। उनका कहना है कि स्कूल के 545 विद्यार्थियों में से करीब 200 बच्चे तब तक खाना खा चुके थे।
जिला प्रशासन ने बताया कि एफएसएल टीम और ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके से खाने के नमूने एकत्र कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।






