गुरदासपुर, 4 मई 2026: पंजाब पुलिस के डीजीपी द्वारा बीते दिन पटियाला-शंभू रेलवे ट्रैक धमाके के मामले में मुख्य साजिशकर्ता जगारूप सिंह के साथी गुरजिंदर सिंह उर्फ बाबा बेअंत की गिरफ्तारी का खुलासा किया गया था। इस बीच गुरदासपुर निवासी गुरजिंदर सिंह का परिवार कैमरे के सामने आया है और उसके माता-पिता ने अपने बेटे को बेगुनाह बताया है।
गुरदासपुर के गांव बिधीपुर के रहने वाले गुरजिंदर सिंह के माता-पिता का कहना है कि उनके बेटे को पुलिस ने बीते वीरवार को धारीवाल कस्बे से हिरासत में लिया था, लेकिन उस समय उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि जब उनका बेटा लापता हुआ, तो वे खुद पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
परिवार के अनुसार, अगले दिन कुछ पुलिसकर्मी उनके घर आए और गुरजिंदर सिंह से फोन पर बात करवाई। इसके बाद वे उसके कुछ कपड़े और मोबाइल फोन लेकर चले गए और कहा कि दो दिन के भीतर वह वापस आ जाएगा। अब परिवार को पता चला है कि गुरजिंदर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
माता-पिता का कहना है कि उनका परिवार एक धार्मिक (गुरसिख) परिवार है और उनका बेटा खेतीबाड़ी करता है। उन्होंने दावा किया कि वह घर से कहीं बाहर नहीं गया था और उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।






