चंडीगढ़, 04 मई 2026 : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को एक बार फिर विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी WhatsApp के जरिए भेजी गई है।
बताया जा रहा है कि यह मैसेज उसी पुराने विदेशी नंबर से आया है, जिससे पहले भी उन्हें धमकी मिल चुकी है। मैसेज में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया है, “कुछ दिन और जिंदगी जी लो, ट्रेलर जल्द आ रहा है।”
गौरतलब है कि शंभू के पास रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के दिन भी इसी नंबर से मजीठिया को धमकी भरा संदेश मिला था, जिसमें कहा गया था कि उनका हाल भी जल्द ऐसा ही किया जाएगा।
मजीठिया की सुरक्षा को लेकर मामला इस समय काफी गंभीर बना हुआ है और यह पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में विचाराधीन है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्टों में भी उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरे की आशंका जताई गई है।
पिछले साल उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी, जिसके बाद लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस ताजा घटना की जानकारी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






