नाम के साथ काम भी नायाब करते हैं हरियाणा के सीएम नायब सैनी: स. जरनैल सिंह
फतेहाबाद, 4 मई, 2026 (संजीव शर्मा) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश की गऊशालाओं में पल रहे गौवंशों के लिए अनुदान राशि चैक लगातार वितरित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज रतिया की श्रीकृष्ण गऊशाला में चैक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यातिथि के रूप में भाजपा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा व रतिया हलके के विधायक स. जरनैल ङ्क्षसह ने शिरकत की। जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा विधायक स. जरनैल ङ्क्षसह ने संयुक्त रूप से रतिया खंड की 15 गऊशालाओं को 3 करोड़, 10 लाख 22 हजार 860 रुपये के अनुदान राशि के चेक वितरित किए।
सरकारी कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बुलाए जाने पर गद्गद हुए जरनैल सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व भाजपा सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रतिया के विकास की गाड़ी अब रफ्तार पकड़ेगी। सीएम नायब सैनी ने हमें बहुत मान-सम्मान बख्शा है। उनका भरपूर सहयोग व समर्थन मिल रहा है। मुख्यमंत्री बहुत बढिय़ा आदमी है। मेरा पहले दिन से ही उनके साथ प्यार बढ़ा है। मैं जब भी किसी काम के लिए उनके पास गया, तो तुरंत काम किया है। वह अब तक के सबसे बढिय़ा मुख्यमंत्री है, उनके नाम की तरह काम भी नायाब हैं। मैं विपक्ष का विधायक हूं, फिर भी हमें पूरी पावर दी हुई है। मेरे पास उनकी तारीफ करने के लिए शब्द नहीं है।
इस अवसर पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के नारे पर काम करती है। समर्थक हो या विपक्ष यदि कोई साथ चलकर विकास की राजनीति करता है तो भाजपा दिल खोलकर उसका स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण को प्रबल करते हुए माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेशभर की गऊशाओं को करोड़ों रुपये का अनुदान राशि दी जा रही है। श्री जोड़ा ने बताया कि सरकार द्वारा प्रति दिन प्रति गाय 20, नंदी के लिए 25, बछड़ा/बछड़ी के लिए 10 बेसहारा पशुओं को लाने पर 600-800 प्रति पशु का खर्च गऊशालाओं को दे रही है। इसके अलावा सौर ऊर्जा प्लांट के लिए कुल 90 प्रतिशत तक सहायता मिलती है।हरियाणा सरकार ने गौवंश संरक्षण के लिए गोशालाओं का वार्षिक बजट बढ़ाकर 600 करोड़ रुपये है। हरियाणा में 602 गोशाला में चारा के लिए 68.34 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण को लेकर भाजपा सरकार हमेशा संवेदनशील रहती है, क्योंकि जन्म देने वाली माता के बाद यदि दूसरी कोई माता है तो वह गऊ माता ही है, जो मानव जाति का तीनों लोकों में कल्याण करती है।
जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर भट्टू मार्केट कमेटी के वाईस चेयरमैन संजय सिंगला, अमृतपाल सिंह खुंबर, रामकुमार मेहरा, संदीप ताखर, विजय जांगड़ा, सुनील कुमार भट्टू, गऊशाला प्रबंधन कमेटी के प्रधान छिन्द्रपाल, महासचिव सुखविन्द्र, उपप्रधान गिरधारी लाल, कोषाध्यक्ष विजय सिंगला, सोनू ग्रोवर, राकेश कुमार, रमेश गर्ग, कृष्ण जिंदल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।






